आजमगढ़ : जनपद में पुलिस की दबंगई का एक और मामला सामने आया है। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोसाई की बाजार पुलिस चौकी परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी एक युवक के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में युवक को चौकी परिसर में बैठे हुए देखा जा सकता है, जबकि पुलिसकर्मी उससे सख्ती करते और पीटते दिख रहे हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स में भारी नाराजगी फैल गई है। लोग निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि पुलिस ने युवक को किसी घटना के सिलसिले में हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी ले रही थी। इसी दौरान कथित तौर पर युवक के साथ मारपीट की गई, जिसका वीडियो किसी ने बना लिया।
Also Read : रियल जूस पीते ही युवक की बिगड़ी तबीयत, गटर जैसे स्वाद और काले पदार्थ निकलने का आरोप
एसपी सिटी का बयान
आजमगढ़ के एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने मामले पर संज्ञान लेते हुए कहा : “वायरल वीडियो हमारे संज्ञान में आ गया है। प्रथम दृष्टया यह वीडियो गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोसाई की बाजार पुलिस चौकी का प्रतीत होता है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस विभाग अब वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों और संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच में जुट गया है।
सोशल मीडिया पर बवाल
वीडियो वायरल होने के बाद #AzamgarhPolice और गोसाई की बाजार चौकी को लेकर ट्रेंड चल रहा है। कई यूजर्स ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं, जबकि कुछ ने कहा है कि युवक अपराधी था, लेकिन मारपीट का तरीका गलत है।
अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट और प्रशासन द्वारा की जाने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। यदि पुलिसकर्मी दोषी पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई हो सकती है। यह मामला पुलिस की छवि पर सवाल खड़ा कर रहा है और योगी सरकार की कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष को नया मुद्दा दे सकता है।










































