मथुरा : फिल्म ‘वृंदावनी वैराग्य’ को लेकर क्षेत्र में विरोध शुरू हो गया है। दिनेश फलाहारी महाराज जो कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर–मस्जिद मामले के याचिकाकर्ता हैं उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर फिल्म ‘वृंदावनी वैराग्य पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि यह फिल्म वृंदावन में बनाई गई है और इसमें स्थानीय लोगों के साथ बाहरी व्यक्तियों की भी भूमिका रही है। आरोप है कि फिल्म में अश्लीलता परोसी गई है, जिससे वृंदावन की धार्मिक छवि धूमिल होती है और श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होती हैं।
फलाहारी महाराज ने पत्र में उल्लेख किया कि वृंदावन भगवान श्रीकृष्ण की रासलीला, महारास और माखन-चोरी जैसी दिव्य लीलाओं की भूमि है। ऐसे पवित्र तीर्थ में इस प्रकार की फिल्म निर्माण से ब्रजवासियों और तीर्थयात्रियों की भावनाओं को ठेस पहुँच सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले की जांच कराने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने और फिल्म को तीर्थ स्थलों व सोशल प्लेटफॉर्म पर बैन करने की मांग की है।
आमरण अनशन की चेतावनी
पत्र में चेतावनी भी दी गई है कि यदि फिल्म पर रोक नहीं लगाई गई तो वे आमरण अनशन करेंगे। साथ ही कहा गया है कि इस तरह की गतिविधियों से धार्मिक नगरी की विश्वविख्यात छवि को नुकसान पहुंच रहा है और संत समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है।













































