UP: ज्योतिष पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की ‘गो रक्षार्थ धर्म युद्ध यात्रा’ आज अमेठी पहुंची। इस दौरान गौरीगंज के रग्घुपुर स्थित रामा गोधाम गौशाला का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिलान्यास किया। इस गौशाला में 108 देशी नस्ल की गायों को रखने की योजना है। इसके साथ ही उन्होंने दयालापुर गांव में धर्म ध्वजा का भी लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में गौ रक्षकों को कथित रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे गौ रक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से यात्रा पर निकले हैं, जिसका संदेश सनातन धर्म और गौ संरक्षण से जुड़ा है।
शंकराचार्य ने बताया कि इस यात्रा के दौरान वे विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए अमेठी पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि दान की गई है और क्षेत्र में एक अभियान चलाकर लोगों से आर्थिक सहयोग (एक नोट अभियान) लिया जाएगा ताकि गौ संरक्षण कार्य को आगे बढ़ाया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य सरकार का विरोध करना नहीं, बल्कि गौ रक्षा के मुद्दे को प्रमुखता से उठाना है। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार को गौ संरक्षण की जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए। राजनीतिक टिप्पणी करते हुए उन्होंने राहुल गांधी के बयान को उनकी निजी राय बताते हुए खारिज कर दिया और कहा कि इस विषय पर उनकी अपनी विचारधारा है।













































