बकरीद से पहले मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी की अपील, खुली जगह पर न करें कुर्बानी

बरेली : आल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने मुसलमानों से अपील की है कि कुर्बानी खुली जगहों, सड़कों या चौराहों पर न करें। इसके बजाय घर के अंदर या अधिकृत स्लॉटर हाउस में कुर्बानी करें।

सोशल मीडिया पर पोस्टिंग से बचें

मौलाना रज़वी ने कहा कि कुर्बानी के फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट न करें। इससे दूसरे धर्मों की भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है। उन्होंने सभी से दूसरे धर्मों की आस्था और भावनाओं का सम्मान करने की अपील की।

सड़कों पर नमाज से बचें

मौलाना ने साफ कहा कि सड़क, चौराहे या सार्वजनिक स्थानों पर नमाज अदा न करें। नमाज मस्जिदों या घरों में ही पढ़नी चाहिए। अगर किसी मस्जिद में भीड़ ज्यादा हो तो एक ही मस्जिद में कई जमात (बारी-बारी) लगाकर नमाज पढ़ाई जा सकती है।

Also Read – यूपी सरकार की बड़ी कार्रवाई : 31,192 वक्फ दावे खारिज, हजारों रजिस्ट्रेशन रद्द

बंगाल-दिल्ली विवाद के बीच बयान

बंगाल और दिल्ली में कुर्बानी को लेकर हाल में हुए विवादों के बीच मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी का यह बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी बिल्कुल न करें।

शांतिपूर्ण समाधान की अपील

मौलाना ने किसी भी प्रकार के विवाद या तनाव की स्थिति में शांतिपूर्ण तरीके से बातचीत करने और तुरंत अधिकारियों को सूचना देने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

सामाजिक सद्भाव का संदेश

मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी का यह बयान धार्मिक सद्भाव और कानून का पालन सुनिश्चित करने के संदेश के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने मुसलमानों से अपील की है कि वे कुर्बानी के मौके पर संयम और सतर्कता बरतें ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। यह बयान ऐसे समय में आया है जब देश के कुछ हिस्सों में कुर्बानी को लेकर तनाव की खबरें सामने आ रही हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)