फतेहपुर: जिले के औद्योगिक क्षेत्र चौडगरा स्थित रोल ट्यूब फैक्ट्री में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर मजदूरों का धरना-प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। लगातार तीसरे दिन क्षेत्र की तीसरी फैक्ट्री में श्रमिकों के आंदोलन से औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक असंतोष खुलकर सामने आने लगा है।
धरने पर बैठे मजदूरों ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है। दैनिक जरूरतों की वस्तुओं, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और घरेलू खर्चों में लगातार वृद्धि हो रही है, जबकि उनका वेतन वर्षों से लगभग स्थिर बना हुआ है। श्रमिकों का आरोप है कि वर्तमान समय में 10 से 12 हजार रुपये मासिक वेतन में परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है।
मजदूरों ने बताया कि फैक्ट्री प्रबंधन उन्हें करीब पांच वर्ष पुराने वेतनमान के आधार पर भुगतान कर रहा है। उनका कहना है कि जब जीवन-यापन की लागत कई गुना बढ़ चुकी है तो वेतनमान में भी उसी अनुरूप संशोधन होना चाहिए। श्रमिकों ने प्रबंधन से तत्काल वेतन पुनरीक्षण कर सम्मानजनक वेतन देने की मांग की है।
Also Read : पाकिस्तान-फिलिस्तीन कनेक्शन! आयुष मलिक धर्मांतरण मामले में बड़ा खुलासा
धरना-प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। मजदूरों ने एकजुटता दिखाते हुए अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी दोहराया।
फिलहाल फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। श्रमिकों की मांगों और आंदोलन की स्थिति पर स्थानीय प्रशासन भी नजर बनाए हुए है। औद्योगिक क्षेत्र में लगातार हो रहे श्रमिक आंदोलनों को देखते हुए आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गंभीर रूप ले सकता है।
















































