रायबरेली में अवैध संबंध के चलते अधेड़ की हत्या, मौसेरे भाई ने बांके से उतारा मौत के घाट

बछरावां पुलिस ने 72 घंटे में किया सनसनीखेज खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त बांका बरामद

रायबरेली। जिले के बछरावां थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अधेड़ की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके मौसेरे भाई ने ही की थी। हत्या के पीछे अवैध संबंधों का मामला सामने आया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी राजकिशोर का मृतक बिंदा प्रसाद की पत्नी से पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। आरोपी महिला को अपने साथ रखना चाहता था, लेकिन महिला इसके लिए तैयार नहीं थी। ऐसे में उसने प्रेमिका के पति बिंदा प्रसाद को अपने रास्ते का सबसे बड़ा बाधक मानते हुए उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

बताया जा रहा है कि 14/15 जून की रात बिंदा प्रसाद ठकुराइन खेड़ा स्थित पानी की टंकी परिसर में सो रहा था। इसी दौरान आरोपी राजकिशोर वहां पहुंचा और बांके से उसके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से बिंदा प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।

घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांका भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।