UP: जसवंतनगर पहुंचे सांसद आदित्य यादव, भाजपा पर साधा निशाना, महंगाई, बेरोजगारी और एजेंसियों के दुरुपयोग पर उठाए सवाल

UP: इटावा के जसवंतनगर पहुंचे बदायूं से समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव ने एक निजी कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम के उद्घाटन के बाद उन्होंने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरते हुए कई राजनीतिक बयान दिए।

भाजपा पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप

सांसद आदित्य यादव ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के बढ़ते जनसमर्थन से भारतीय जनता पार्टी असहज है। उन्होंने कहा कि इसी कारण केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। उनका कहना था कि समाजवादी विचारधारा के लोग ऐसी कार्रवाई से विचलित नहीं होंगे और लोकतांत्रिक तरीके से जनता इसका जवाब देगी।

Also Read: चंदौली: BJP प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का भव्य स्वागत, फूल-मालाओं और नारों से गूंजा शहर

महंगाई और बेरोजगारी को बताया सबसे बड़ा मुद्दा

महंगाई और बेरोजगारी से जुड़े सवाल पर आदित्य यादव ने कहा कि आम नागरिक आज बढ़ती कीमतों और रोजगार के संकट से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मूल मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है, जबकि जनता को राहत देने की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

ओमप्रकाश राजभर पर तीखा पलटवार

सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर द्वारा समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर की जाने वाली टिप्पणियों को लेकर पूछे गए सवाल पर आदित्य यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर भाजपा के खाली बर्तन की तरह हैं, जिन्हें जहां रख दीजिए, वहीं टनाटन बजने लगते हैं। उनके इस बयान ने राजनीतिक बयानबाजी को और तेज कर दिया।

Also Read: उत्तर प्रदेश : चाँदपुर पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, 10 से अधिक मुकदमों वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार

बयान के बाद सियासी चर्चाएं तेज

आदित्य यादव के बयान के बाद प्रदेश की राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावी माहौल को देखते हुए नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो सकता है। वहीं, उनके इस बयान को विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच जारी राजनीतिक टकराव के एक नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)