UP: बलिया पुलिस ने बिजली तार चोर गैंग का किया भंडाफोड़, मुठभेड़ में एक बदमाश घायल

UP: बलिया जिले में बांसडीह कोतवाली पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक किशोर भी शामिल है।

चेकिंग के दौरान मिली सूचना, घेराबंदी पर शुरू हुई फायरिंग

पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात ग्राम हुसैनाबाद के नहर मार्ग पर नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिजली के तार चोरी करने वाले कुछ बदमाश पिकअप वाहन से क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में 31 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।

Also Read: UP: जसवंतनगर पहुंचे सांसद आदित्य यादव, भाजपा पर साधा निशाना, महंगाई, बेरोजगारी और एजेंसियों के दुरुपयोग पर उठाए सवाल

चार अन्य आरोपी भी दबोचे गए, हथियार और चोरी का सामान बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से धर्मेंद्र के चार साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इनमें विश्वकर्मा तुरहा, नितेश पटेल, दीपक साहू और एक बाल अपचारी शामिल हैं। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से .315 बोर के दो तमंचे, जिंदा कारतूस, एक खोखा, अवैध चाकू, बिजली के तार काटने वाला कटर और चोरी किए गए बिजली के तार बरामद किए गए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी भी कब्जे में ले ली है।

पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा

घायल आरोपी धर्मेंद्र कुमार ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 2-3 जुलाई तथा 4-5 जुलाई की रात ग्राम हुसैनाबाद क्षेत्र में बिजली के तार चोरी किए थे। पुलिस का मानना है कि गिरोह लंबे समय से इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहा था और अन्य मामलों में भी इसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।

Also Read: उत्तर प्रदेश : फर्जी आधार, फर्जी सिम और ऑनलाइन ठगी: मथुरा में साइबर गैंग का बड़ा खुलासा, 12 आरोपी गिरफ्तार

गिरोह के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है और सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)