UP: सावन माह में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा और शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रायबरेली जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 28 जुलाई से शुरू होने वाली यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, यातायात और निगरानी का विस्तृत खाका तैयार किया गया है। डलमऊ, गेगासो और गोकना घाट पर गंगा जल लेने पहुंचने वाले कांवड़ियों के लिए बैरिकेडिंग, ठहरने और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। यात्रा अवधि में कांवड़ मार्ग पर स्थित मीट की दुकानों को बंद रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम
गंगा घाटों से जल लेकर बाराबंकी सहित अन्य जिलों के शिवालयों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी गई है। पूरे मार्ग पर विश्राम स्थलों और स्वागत केंद्रों की व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा के लिए संबंधित थानों की पुलिस लगातार गश्त करेगी, जबकि डायल-112 की टीमें, हल्का प्रभारी और पुलिसकर्मी चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे। रात के समय ठहरने वाले स्थानों पर भी अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध, लागू होगा रूट डायवर्जन
कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष रूट डायवर्जन योजना लागू की जाएगी। प्रत्येक शनिवार दोपहर 12 बजे से सोमवार देर रात तक प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। फतेहपुर की ओर से आने वाले और भदोखर से प्रतापगढ़ जाने वाले भारी वाहनों के साथ-साथ गेगासो तथा बांदा-बहराइच मार्ग पर भी तीन दिनों तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। पुलिस ने संबंधित थानों को इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं।
प्रमुख शिव मंदिरों पर अतिरिक्त निगरानी
सावन में सबसे अधिक भीड़ वाले चार प्रमुख धार्मिक स्थलों लालगंज का बालेश्वर मंदिर, बछरावां का भवरेश्वर मंदिर, शहर का जगमोहनेश्वर मंदिर और ऊंचाहार का गौरीशंकर मंदिर को विशेष सुरक्षा श्रेणी में रखा गया है। इन मंदिरों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और पूरे परिसर की निगरानी हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी।
एसपी की चेतावनी: ड्यूटी में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने कहा कि सावन माह और कांवड़ यात्रा को लेकर जिलेभर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। गंगा घाटों से लेकर पूरे कांवड़ मार्ग तक पुलिस पिकेट, मोबाइल गश्त और स्थानीय थानों की टीमें लगातार निगरानी करेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसी स्थिति में तत्काल कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।















































