‘कृष्ण जी भी पांचों वक्त की नमाज़ पढ़ा करते थे…’, मौलाना जरजिश अंसारी के बयान पर विवाद, ब्रज में विरोध तेज

UP: उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी मौलाना जरजिश अंसारी का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि झारखंड में 23 जून को आयोजित एक धार्मिक सभा के दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर विवादित टिप्पणी की और भगवद गीता के एक श्लोक की ऐसी व्याख्या की, जिसे लेकर व्यापक विरोध शुरू हो गया। वीडियो सामने आने के बाद ब्रज क्षेत्र के साधु-संतों, हिंदू संगठनों और भाजपा नेताओं ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया है।

संत समाज ने जताई कड़ी आपत्ति

श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले के पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह ने बयान की निंदा करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और उनके बारे में इस प्रकार की टिप्पणी पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि भगवद गीता के श्लोकों की गलत व्याख्या कर समाज में भ्रम फैलाने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने मौलाना से हिंदू समाज से सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की।

Also Read: UP: टेरर फंडिंग नेटवर्क पर ED का शिकंजा, लखनऊ समेत 13 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

कड़ी कार्रवाई की मांग, तीखी प्रतिक्रियाएं

श्रीकृष्ण जन्म संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी ने भी बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। साध्वी इंदुलेखा और अनमोल दास महाराज समेत कई संतों ने कहा कि धार्मिक आस्थाओं का सम्मान सभी को करना चाहिए और ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। कुछ वक्ताओं ने इस मुद्दे पर तीखी राजनीतिक टिप्पणियां भी कीं।

भाजपा नेता ने जांच की उठाई मांग

भाजपा नेता मनीष शुक्ला ने इस मामले को करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़ा बताते हुए कहा कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह के बयान किसी बड़ी साजिश का हिस्सा भी हो सकते हैं। उन्होंने झारखंड में मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

Also Read: आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर एक्शन! 40 में से 38 कमरे होंगे ध्वस्त,15 दिन का अल्टीमेटम

गिरफ्तारी की मांग पर अड़े संगठन

वायरल वीडियो के बाद मथुरा और ब्रज क्षेत्र के कई हिंदू संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है। विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग उठाई है। फिलहाल, मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस जारी है, जबकि संबंधित एजेंसियों की ओर से आधिकारिक कार्रवाई या जांच की स्थिति का इंतजार किया जा रहा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)