रामपुर: जौहर यूनिवर्सिटी मामले में कार्रवाई तेज होने के बीच उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि जब कानून अपना काम कर रहा है तो कुछ लोगों की बेचैनी स्वाभाविक है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस जौहर यूनिवर्सिटी का निर्माण सपा सरकार के दौरान हुआ, उसमें सरकारी संसाधनों और जमीन का इस्तेमाल किसके हित में किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के टैक्स से बने संसाधनों का लाभ कुछ चुनिंदा लोगों को मिला और अब अवैध निर्माण पर कार्रवाई होने पर विरोध किया जा रहा है।
38 भवनों को लेकर आरडीए का नोटिस, 15 दिन में कार्रवाई के निर्देश
रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के 40 में से 38 भवनों को बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्मित बताते हुए ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया है। प्राधिकरण ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन को 15 दिनों के भीतर स्वयं इन भवनों को हटाने का निर्देश दिया है। प्रशासन का कहना है कि नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, प्रशासन ने बनाया परामर्श केंद्र
यूनिवर्सिटी में अध्ययनरत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को किसी तरह की असुविधा या भ्रम की स्थिति से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों की एक टीम गठित की गई है, जो छात्रों को शैक्षणिक प्रक्रिया और आगे की व्यवस्था से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करा रही है। इसके लिए यूनिवर्सिटी परिसर के बाहर छात्र परामर्श केंद्र भी स्थापित किया गया है, जहां विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
सपा नेताओं ने कार्रवाई को बताया साजिश
समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष और आजम खान के करीबी असीम राजा ने प्रशासन की कार्रवाई को पूर्व नियोजित बताते हुए इसका विरोध किया है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी को मिले नोटिस का जवाब समय पर दिया गया था और सुनवाई के दौरान पक्ष भी रखा गया, लेकिन निर्णय पहले से तय था। उन्होंने रामपुर की जनता, बुद्धिजीवियों और अधिवक्ताओं से अपील की कि वे यूनिवर्सिटी के पक्ष में कानूनी लड़ाई में सहयोग करें और इस मुद्दे को न्यायालय में मजबूती से उठाया जाए।
Also Read: ‘दलितों के खिलाफ अपराध में यूपी नंबर वन…’, अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला
जौहर यूनिवर्सिटी पर सियासत तेज
जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर एक ओर प्रशासन अवैध निर्माण के आधार पर कार्रवाई की बात कह रहा है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार दे रहा है। राजभर के तीखे बयान और सपा नेताओं के विरोध के बाद यह मामला अब कानूनी विवाद के साथ-साथ राजनीतिक बहस का भी बड़ा विषय बन गया है। आने वाले दिनों में इस मामले में प्रशासनिक और न्यायिक स्तर पर होने वाली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)



