Home UP News UP: आज सहारनपुर पहुंचेंगे AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, 2027 में 200 सीटों...

UP: आज सहारनपुर पहुंचेंगे AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, 2027 में 200 सीटों पर लड़ने की तैयारी, शौकत अली ने विपक्ष को घेरा

सहारनपुर: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी शनिवार शाम सहारनपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी इसे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के अभियान की औपचारिक शुरुआत के रूप में देख रही है। रैली से पहले कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी सुनिश्चित करने में जुटे हैं।

‘200 सीटों पर तैयारी, अंतिम फैसला ओवैसी करेंगे’

AIMIM के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने कहा कि पार्टी इस बार विधानसभा चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ने की तैयारी में है। उन्होंने बताया कि संगठन फिलहाल करीब 200 सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति पर काम कर रहा है, जबकि अंतिम निर्णय पार्टी अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा को रोकने के लिए विपक्षी दलों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होना होगा, अन्यथा बिहार की तरह उत्तर प्रदेश में भी विपक्ष को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Also Read: वाराणसी: जौहर विश्वविद्यालय पर कार्रवाई के विरोध में AIMIM का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

जौहर यूनिवर्सिटी की कार्रवाई पर सरकार को घेरा

जौहर यूनिवर्सिटी पर चल रही कार्रवाई को लेकर शौकत अली ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह संस्थान केवल मुस्लिम छात्रों के लिए नहीं, बल्कि सभी वर्गों के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा का केंद्र है। उनका आरोप था कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय शैक्षणिक संस्थानों पर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित नहीं बना पा रही, जबकि विश्वविद्यालयों पर कार्रवाई कर रही है।

जंतर-मंतर के धरने और विपक्ष की भूमिका पर सवाल

शौकत अली ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि शिक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सरकार संवेदनशील नहीं दिख रही है। उन्होंने विपक्षी दलों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिन नेताओं को मुस्लिम समाज का समर्थन मिला, उन्हें जौहर यूनिवर्सिटी के समर्थन में खुलकर सामने आना चाहिए था। उन्होंने बताया कि AIMIM प्रदेशभर में जिलाधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रपति और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालय को बचाने की मांग कर रही है।

Also Read: आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर एक्शन! 40 में से 38 कमरे होंगे ध्वस्त,15 दिन का अल्टीमेटम

वक्फ और मस्जिदों के मुद्दे पर सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

वक्फ संपत्तियों और मस्जिदों से जुड़े मामलों पर भी AIMIM प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार देशभर में वक्फ संपत्तियों पर कार्रवाई कर मुस्लिम समुदाय को निशाना बना रही है। शौकत अली ने दावा किया कि ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की इन नीतियों का उद्देश्य समाज में ध्रुवीकरण बढ़ाना है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)