रायबरेली: 24 जुलाई को रायबरेली दौरे पर आएंगे सीएम योगी, तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन

रायबरेली: अवध क्षेत्र के विभिन्न जिलों में विकास परियोजनाओं की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 जुलाई को रायबरेली के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और सभी विभागीय तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ की विस्तृत समीक्षा बैठक

मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सोमवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ने बचत भवन में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, विकास कार्यों और प्रशासनिक तैयारियों का बारीकी से आकलन किया गया। अधिकारियों से कहा गया कि वे अपने विभाग से जुड़ी हर जानकारी और आंकड़ों की पूरी तैयारी रखें।

Also Read: ‘गोली चली, घेराबंदी हुई और खुल गए कई राज…’, अमेठी पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत चार शातिर चोरों को दबोचा

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्री ने लिया फीडबैक

दौरे की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार शाम लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रायबरेली के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित कार्यक्रम, विकास कार्यों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

त्रिपुला चौराहे के पास जनसभा को करेंगे संबोधित

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री त्रिपुला चौराहा स्थित भाजपा कार्यालय के निकट मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Also Read: बाराबंकी: लोधेश्वर धाम को मिलेगा काशी विश्वनाथ कॉरिडोर जैसा स्वरूप, सीएम योगी ने 542 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात

सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी होगी आकर्षण का केंद्र

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जिला पंचायती राज, बेसिक शिक्षा, जिला पूर्ति, ग्राम्य विकास सहित विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। संभावना है कि मुख्यमंत्री इन स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों से जुड़ी जानकारी भी प्राप्त करेंगे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)