सहारनपुर में कांवड़ मार्ग पर पुलिस की सख्ती, मुर्गों से लदे 2 पिकअप और 3 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सीज

सहारनपुर: श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और दुर्घटनारहित संपन्न कराने के लिए पुलिस ने कांवड़ मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है. जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना चिलकाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान पांच वाहनों को सीज किया.

पुलिस के अनुसार अंबाला-यमुनानगर (हरियाणा) की ओर से आ रहे दो पिकअप वाहनों UP11 ET 0041 और UP11 DT 9409 को रोककर जांच की गई. दोनों वाहनों में मुर्गे लदे मिले. पुलिस ने चालकों से आवश्यक वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद दोनों पिकअप वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया गया. मामले की रिपोर्ट राजस्व विभाग को भी भेजी जा रही है.

Also Read: UP: मथुरा में राशन वितरण पर सवाल, ग्रामीणों ने डीलर के खिलाफ खोला मोर्चा

इसी दौरान पुलिस ने कांवड़ मार्ग पर बिना नंबर प्लेट के मिट्टी से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को भी पकड़ा. जांच के दौरान चालक वाहनों से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके. पुलिस के मुताबिक जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर 29/30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक खनन संबंधी वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है. प्रतिबंध के बावजूद मिट्टी का परिवहन किए जाने पर तीनों ट्रैक्टरों को भी एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया.

कार्रवाई थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रवि कुमार, हेड कांस्टेबल विवेक कुमार और कांस्टेबल विपिन नैन की टीम ने की. पुलिस ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)