UP: शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाने का आरोप, वांछित आरोपी गिरफ्तार

UP: आजमगढ़ में सरायमीर थाना क्षेत्र में शादी का भरोसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में विवाह से इनकार करने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर मुकदमा खत्म कराने के लिए कथित तौर पर पीड़िता को न्यायालय में बयान देने के लिए तैयार कराने का भी आरोप है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल्ला पुत्र कौसर, निवासी ग्राम संजरपुर, थाना सरायमीर, आजमगढ़ के रूप में हुई है।

शादी का वादा कर बनाए संबंध, बाद में किया इनकार

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 19 अगस्त 2026 को सरायमीर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया कि वह अपने ननिहाल ग्राम संजरपुर में रहती थी, इसी दौरान अब्दुल्ला ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी और उसके परिवार वालों ने विवाह करने से कथित तौर पर इनकार कर दिया। मामले में 20 मई 2026 को मुकदमा संख्या 128/2026 दर्ज किया गया था।

Also Read: UP: गंगाजल की शीशी खरीदो, तभी बनेगा आधार कार्ड! रायबरेली के डाकघर में अनोखा मामला

मुकदमा खत्म कराने के लिए कोर्ट में बयान दिलाने का आरोप

पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी और उसके परिजनों ने शादी करने की बात कहकर पीड़िता को भरोसे में लिया। आरोप है कि इसके बाद उसे न्यायालय में पूर्व मुकदमे में कोई कार्रवाई न किए जाने के पक्ष में बयान देने के लिए तैयार किया गया। पीड़िता के बयान के बाद पुराना मुकदमा समाप्त हो गया। आरोप है कि इसके बाद अब्दुल्ला ने फिर से शादी करने से इनकार कर दिया।

नए मुकदमे में आरोपी और परिजन नामजद

इसके बाद पीड़िता की तहरीर के आधार पर सरायमीर थाने में मुकदमा संख्या 210/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने अब्दुल्ला और उसके परिजनों के खिलाफ धारा 318(2), 69 और 351(3) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया। मामले में आरोपी की तलाश की जा रही थी और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया था।

Also Read: UP: शीशगढ़ में घर से लापता हुई 16 वर्षीय किशोरी, मां ने तीन युवकों पर लगाया अपहरण का आरोप

घर से दबोचा गया आरोपी, आगे की कार्रवाई जारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत उपनिरीक्षक अनुज कुमार द्विवेदी ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की। पुलिस ने 20 अगस्त की सुबह करीब 8:30 बजे ग्राम संजरपुर स्थित आरोपी के घर से अब्दुल्ला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)