UP: 25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, टेम्पो में महिलाओं को बनाता था निशाना

UP: आजमगढ़ के सिधारी थाना पुलिस ने चार माह से अधिक समय से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलटू राम (65) पुत्र रामचरन राम, निवासी ग्राम नसरूद्दीनपुर, थाना तहबरपुर, वर्तमान पता काशीराम आवास जाफरपुर, थाना सिधारी, आजमगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी थाना जीयनपुर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ द्वारा 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार, सिधारी थाना प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पहलवान तिराहा के पास से बुधवार को करीब 10:30 बजे सलटू राम को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक, सलटू राम एक संगठित गिरोह का सदस्य था। गिरोह के सदस्य टेम्पो और अन्य सवारी वाहनों में सामान्य यात्री बनकर बैठते थे। इसके बाद सफर के दौरान खासतौर पर महिलाओं को निशाना बनाया जाता था। मौका मिलते ही महिलाओं के बैग या झोले की चेन काटकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया जाता था। पुलिस का कहना है कि चोरी के बाद सामान को गिरोह के सदस्यों के बीच बांट लिया जाता था अथवा जेवरात बेचकर उससे मिलने वाली रकम का बंटवारा किया जाता था।

Gonda: गोण्डा में नाबालिग को भगाकर दुराचार का आरोपी गिरफ्तार, घारीघाट तिराहे से पुलिस ने दबोचा

दो चोरी की घटनाओं में सामने आई थी संलिप्तता

पुलिस के अनुसार, 23 जून 2024 को भंवरनाथ से दोहरीघाट जा रही महिला का टेम्पो में बैग चोरी हुआ था। बैग में सोने के जेवरात रखे थे। इस मामले में जीयनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान सलटू राम सहित अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई।इसी प्रकार 7 अक्टूबर 2024 को हाफिजपुर चौराहे से जीयनपुर जा रही महिला के झोले की चेन काटकर जेवरात चोरी कर लिए गए थे। इस मामले की विवेचना में भी सलटू राम सहित अन्य की संलिप्तता प्रकाश में आई। दोनों मामलों में पुलिस द्वारा आरोप पत्र न्यायालय भेजा जा चुका है।इन्हीं आपराधिक गतिविधियों के आधार पर सलटू राम सहित अन्य के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)