UP: बहराइच में 15 लाख की स्मैक के साथ नेपाली युवक गिरफ्तार, बाइक-मोबाइल भी बरामद

UP: बहराइच में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में एक युवक को 51 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत पुलिस ने करीब 15 लाख रुपये बताई है।

प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा हरेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस और एसएसबी की टीम मंगलवार को सीमा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पिलर संख्या 651/2 के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 51 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

Also Read; UP: सहारनपुर में नशा तस्करों पर शिकंजा, महिला समेत 3 गिरफ्तार, 1.20 करोड़ की स्मैक बरामद

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय चांद बाबू पुत्र इकबाल, निवासी चितवन मोहल्ला, नेपाल के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर रुपईडीहा थाने में मुकदमा संख्या 238/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से स्मैक के अलावा टीवीएस अपाचे बाइक (UP40BQ2541), वीवो मोबाइल फोन और 250 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Also Read: सहारनपुर: 50 लाख की स्मैक के साथ शातिर नशा तस्कर गिरफ्तार,10 मुकदमों का है आपराधिक इतिहास

पुलिस ने बताया कि चांद बाबू के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों के अलावा चोरी, चोरी का माल रखने और धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रुपईडीहा और दरगाह शरीफ थानों में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में रुपईडीहा पुलिस के साथ एसएसबी के जवान और डॉग स्क्वायड भी शामिल रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)