बलिया: विकसित भारत @2047 के निर्माण में युवाओं की सक्रिय और निर्णायक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027’ का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय युवा महोत्सव के इस विशेष स्वरूप से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को अपनी प्रतिभा, नवीन विचार, नेतृत्व क्षमता और नवाचार को राष्ट्रीय पटल पर प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा।
जिला युवा कल्याण अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने बताया कि देशभर में अब तक 10 लाख से अधिक युवा ऑनलाइन क्विज में भाग ले चुके हैं। बलिया में भी 1900 से अधिक युवा जुड़ चुके हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए मेरा युवा भारत (MY Bharat), एनएसएस, विभिन्न विभागों और शिक्षण संस्थानों द्वारा प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। MY Bharat पोर्टल इस कार्यक्रम की आधिकारिक एजेंसी है।
विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के तहत चयन प्रक्रिया पाँच चरणों में होगी। प्रथम चरण,सामान्य ज्ञान व समसामयिक विषयों पर आधारित ऑनलाइन क्विज। द्वितीय चरण ,सफल प्रतिभागियों के लिए 500 शब्दों का विचारपरक निबंध लेखन। तृतीय चरण, जिला स्तरीय चैंपियनशिप में स्थानीय समस्याओं पर चर्चा। चतुर्थ चरण, राज्य स्तरीय संवाद में चयनित युवाओं के बीच विमर्श। अंतिम चरण, नई दिल्ली के भारत मंडपम में राष्ट्रीय संवाद, जहाँ युवाओं को प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा।
ऑनलाइन क्विज 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026, निबंध चरण 5 से 19 अक्टूबर, जिला चैंपियनशिप 10 से 16 नवंबर और राज्य संवाद 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक होगा। राष्ट्रीय संवाद 10 से 12 जनवरी 2027 को नई दिल्ली में आयोजित होगा।
युवाओं के लिए छह ट्रैक हैं: विकसित भारत चैलेंज, सांस्कृतिक, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, युवा उद्यमी चुनौती और युवा संसद। इनका उद्देश्य सामाजिक-आर्थिक विकास में युवाओं की भूमिका को सशक्त बनाना है। पात्र युवा 30 सितंबर 2026 तक MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कर ऑनलाइन क्विज में भाग ले सकते हैं।



















































