UP: निजी ट्यूबवेल ट्रांसफार्मर से घरेलू बिजली सप्लाई का आरोप, शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं

जसवंतनगर: तहसील क्षेत्र में निजी ट्यूबवेल के लिए लगाए गए ट्रांसफार्मर से घरेलू विद्युत आपूर्ति चालू किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता अवधेश कुमार ने विद्युत विभाग के अधिकारियों पर नियमों की अनदेखी कर निजी ट्यूबवेल के ट्रांसफार्मर से घरेलू कनेक्शनों को बिजली आपूर्ति दिए जाने का आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार जमुनाबाग क्षेत्र में उनके ट्यूबवेल के लिए लगे 25 केवीए के निजी ट्रांसफार्मर से घरेलू बिजली सप्लाई की जा रही है। उनका आरोप है कि एसडीओ राजेश कुमार के स्तर से उक्त ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति चालू कराई गई, जबकि निजी ट्यूबवेल के ट्रांसफार्मर का इस्तेमाल घरेलू आपूर्ति के लिए किए जाने पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Also Read: बंटवारे के विवाद में सगे भाइयों में खूनी संघर्ष, तीन घायल,चार पर मुकदमा दर्ज

अवधेश कुमार का कहना है कि यह स्थिति एक माह से अधिक समय से बनी हुई है। समस्या को लेकर उनके द्वारा तहसील दिवस में शिकायत दर्ज कराई गई। इसके अलावा आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत की गई, लेकिन उनका आरोप है कि अब तक समस्या का प्रभावी समाधान नहीं हो सका है।

शिकायतकर्ता ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले की जांच कराकर निजी ट्रांसफार्मर से घरेलू सप्लाई बंद कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच किए जाने की मांग की है। अब देखना होगा कि विद्युत विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)