बाराबंकी: विकासखंड रामनगर की ग्राम पंचायत बड़नपुर के डीपो मोहल्ले में खड़ंजा सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और बीच का मार्ग टूटकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग की हालत ऐसी है कि ट्रैक्टर, बाइक और कार तक गड्ढों में फंसने का खतरा बना रहता है। कई लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
ग्रामीण अफजाल, राजेंद्र निषाद, विश्राम निषाद, अवसूल, राम अचल, छेदीलाल, राधेश्याम, शिवराम, शिवनाथ और रामकैलाश सहित दर्जनों लोगों ने बताया कि डीपो मोहल्ले में निषाद समुदाय के करीब 300 परिवार घाघरा नदी के किनारे छप्पर डालकर गुजर-बसर कर रहे हैं। उनका आरोप है कि इन परिवारों को मूलभूत सरकारी सुविधाओं का पर्याप्त लाभ नहीं मिल रहा है। सड़क खराब होने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, वर्तमान में घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और लगातार बारिश से मार्ग के गड्ढों में पानी भर रहा है। यदि नदी का जलस्तर और बढ़ा तो बस्ती में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग का उपयोग छठ पूजा के दौरान हजारों श्रद्धालु नदी किनारे पहुंचने के लिए करते हैं। ऐसे में पर्व से पहले सड़क की मरम्मत जरूरी है।
Also Read: इटावा: हिस्ट्रीशीटर अंकित उर्फ फौजी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
ग्रामीण राजेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी, एसडीएम रामनगर और बीडीओ सहित उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत दी जा चुकी है। जनता दर्शन में भी समस्या उठाई गई, लेकिन अभी तक सड़क की स्थिति नहीं सुधरी। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें यह कहकर टाल दिया जाता है कि मार्ग रेलवे की जमीन में बना है, इसलिए यहां कार्य नहीं कराया जा सकता।
इस संबंध में बाढ़ खंड अधिकारी शशिकांत सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उक्त मार्ग रेलवे की जमीन में बना हुआ है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभागों के समन्वय से जल्द सड़क का समाधान कराया जाए, ताकि बाढ़ और बारिश के दौरान किसी बड़ी समस्या से बचा जा सके।



















































