वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया। दोनों नेताओं ने मंदिर में जलाभिषेक और आरती कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की। इस दौरान देश और प्रदेश की खुशहाली के लिए भी बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की गई।
काशी विश्वनाथ धाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा समेत अन्य नेताओं ने भी बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया।
Also Read: UP: चंदौली में बाढ़-जलभराव से हाहाकार, 50 बीघा धान की फसल डूबी, कच्चे मकान भी गिरे
प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ धाम के पुरोहितों और आचार्यों का सम्मान किया। इसके साथ ही धाम में सेवाएं दे रहे स्वच्छता प्रहरियों को भी सम्मानित किया गया। वाराणसी से वडनगर तक आयोजित सेवा संकल्प यात्रा से जुड़े बाइकर्स से भी नेताओं ने संवाद किया।
पूजन के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को मिष्ठान वितरित किया गया। प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिवस के प्रतीक के रूप में 19-19 किलो के चार लड्डू तैयार किए गए थे। कुल 76 किलो लड्डुओं का प्रसाद श्रद्धालुओं में बांटा गया।
Also Read: आजमगढ़ में चोरी की दो वारदातों का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार, पंपिंग सेट-मोटरसाइकिल बरामद
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। इस अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की गई। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ से देश को विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचाने की भी प्रार्थना की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर बाबा विश्वनाथ के धाम में विशेष पूजा-अनुष्ठान किया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन के लिए बाबा से प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री लंबे समय तक देश का नेतृत्व करें, ताकि उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर, सुरक्षित और विकसित राष्ट्र की संकल्पना को साकार कर सके।



















































