UP: विपक्ष को नींद नहीं आ रही, 2027 में भी दाल नहीं गलेगी”, दानिश आजाद का अखिलेश पर तीखा तंज, UCC पर दी नसीहत

बलिया: उत्तरप्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने विपक्षी दलों पर देश में भ्रम और झूठ फैलाने का गंभीर आरोप लगाया है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने यूपीआई पेमेंट, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), राजनीतिक बयानबाजी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस समेत विभिन्न मुद्दों पर सरकार का पक्ष मजबूती से रखा।

​यूपीआई भुगतान पर शुल्क से व्यापारियों में नाराजगी और अमेरिकी दबाव के दावों को सिरे से खारिज करते हुए दानिश आजाद ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार जनता व व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। डिजिटल भुगतान ढांचे को सुरक्षित, सरल और सुलभ बनाना सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हालिया ब्रिक्स सम्मेलन की सफलता और वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती साख को विपक्ष पचा नहीं पा रहा है, इसलिए देश की छवि कमजोर करने के लिए भ्रामक बातें फैलाई जा रही हैं।

Also Read: UP: चंदौली में बाढ़-जलभराव से हाहाकार, 50 बीघा धान की फसल डूबी, कच्चे मकान भी गिरे

​समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए राज्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यूसीसी नागरिक अधिकारों से जुड़ा कानून है, इसका किसी के धार्मिक आचरण अथवा मजहबी स्वतंत्रता में दखलंदाजी से कोई लेना-देना नहीं है। विपक्ष अपनी लगातार हो रही चुनावी हार को छिपाने के लिए समाज को गुमराह कर रहा है। देश का बहुसंख्यक हो या अल्पसंख्यक, हर नागरिक के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। बिहार में सहयोगी दल जदयू के रुख और यूसीसी लागू करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके सभी सहयोगी दल प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एकजुट हैं और हर विषय पर संवाद के जरिए सहमति बनाकर समाज के हित में आगे बढ़ा जाएगा।

​अखिलेश यादव के ‘डबल इंजन’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए दानिश आजाद ने कहा कि सपा नेताओं को हार के डर से नींद नहीं आ रही है। 2017 और 2022 में जनता उन्हें नकार चुकी है और 2027 में भी अपनी संभावित हार देखकर वे ध्यान भटकाने के लिए ऊल-जुलूल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा यूपी में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। भाजपा नेताओं के पार्टी छोड़ने की खबरों पर उन्होंने अनभिज्ञता जताई। वहीं प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर उन्होंने कहा कि पूरे देश का अल्पसंख्यक समाज चादरपोशी और दुआएं कर पीएम की लंबी उम्र की कामना कर रहा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)