UP: रबी फसलों की बुआई को लेकर तैयारियां तेज, अनुदान पर बीज के लिए जल्द करें ऑनलाइन बुकिंग

चंदौली: रबी फसलों की समयबद्ध बुआई को लेकर जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। किसानों को रबी सीजन में बोई जाने वाली विभिन्न फसलों के बीज निशुल्क मिनीकिट तथा 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके लिए विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया जारी है।

कृषि विभाग के अनुसार तोरिया, चना, मटर और सरसों के बीज जनपद में पहुंच चुके हैं। इनका वितरण शीघ्र ही राजकीय कृषि बीज गोदामों के माध्यम से किसानों को किया जाएगा। वहीं निशुल्क वितरित किए जाने वाले मिनीकिट बीजों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन बुकिंग हो चुकी है।

ALSO READ: डबल माइंड होकर पार्टी का भला कैसे करेंगे?… मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को बसपा से किया बाहर

जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध सामान्य बीजों की बुकिंग अभी काफी शेष है। गेहूं के निर्धारित 53,070 पैकेट के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 16,492 पैकेट की ऑनलाइन बुकिंग हुई है। इसी तरह चना के 1,538 पैकेट के लक्ष्य के मुकाबले 595, सरसों के 600 के सापेक्ष 225 तथा मसूर के 1,462 पैकेट के लक्ष्य के सापेक्ष 225 पैकेट की ही बुकिंग हुई है।

जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम समय की भीड़ और बीज की संभावित कमी से बचने के लिए जल्द से जल्द विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कराएं। उन्होंने कहा कि समय से बुकिंग कराने पर किसानों को निर्धारित अनुदान का लाभ मिल सकेगा और रबी फसलों की बुआई समय पर सुनिश्चित हो सकेगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)