बाराबंकी में वन विभाग के वृक्षारोपण कार्यों की जांच की मांग, किसान यूनियन ने मंत्री को सौंपा ज्ञापन

बाराबंकी: भारतीय किसान यूनियन (भानू) के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना से मुलाकात कर जनपद के वन विभाग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन एवं मांगें रखीं। प्रतिनिधिमंडल ने वन विभाग में कथित भ्रष्टाचार, पूर्व में आयोजित धरने के दौरान दिए गए ज्ञापन पर कार्रवाई के आश्वासन के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई न होने तथा विभागीय स्तर पर बरती जा रही अनियमितताओं की शिकायत मंत्री के समक्ष रखी।

प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से बाराबंकी जनपद में पिछले पांच वर्षों के दौरान कराए गए वृक्षारोपण कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। संगठन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि वृक्षारोपण के नाम पर किए गए कार्यों की वास्तविक स्थिति की जांच आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए गए कथित कृत्यों की भी जानकारी मंत्री को दी और जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर एवं दंडात्मक कार्रवाई की मांग उठाई।

ALSO READ: Jaunpur: चोरी के शक में नाबालिग को बांधा, आंखों पर पट्टी बांधने का वीडियो वायरल

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने सभी समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता एवं विनम्रता से सुना। उन्होंने मामले की जांच कराकर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि वृक्षारोपण की वास्तविक स्थिति जमीन पर दिखाई देनी चाहिए और केवल कागजों में हुए पौधरोपण को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जब तक वृक्षारोपण कार्यों की वास्तविकता सामने लाकर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती, संगठन अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखेगा। प्रतिनिधिमंडल में संगठन के राष्ट्रीय महासचिव कुं. उदेंदु प्रताप (आशु चौधरी), जिला अध्यक्ष बाराबंकी देशराज वर्मा, वाजिद अली, उमेश वर्मा, शिवम शर्मा सहित संगठन के अन्य सदस्य मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मामलों में पारदर्शी जांच की आवश्यकता पर जोर दिया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)