UP: सुल्तानपुर में विश्वनाथ पाल का बड़ा ऐलान, इम्तियाज अहमद भुट्टू को बनाया BSP प्रत्याशी

UP: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे सुल्तानपुर पहुंचे। उन्होंने अम्बेडकर पार्क में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद तिकोनिया पार्क में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने प्रदेश की मौजूदा राजनीति, आगामी विधानसभा चुनाव और बसपा की चुनावी रणनीति को लेकर पार्टी का रुख सामने रखा।

चार हिस्सों में यूपी बांटने के बयान पर बोले विश्वनाथ पाल

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओपी राजभर के उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में बांटने संबंधी बयान पर विश्वनाथ पाल ने कहा कि कई राजनीतिक दल घोषणाएं और बयान तो करते हैं, लेकिन उन्हें जमीन पर उतारने को लेकर स्थिति अलग रहती है। उन्होंने कहा कि जब सुलतानपुर बड़ा जिला था और प्रशासनिक स्तर पर विकास कार्यों में दिक्कतें आ रही थीं, तब मायावती सरकार ने छत्रपति साहू जी महाराज के नाम से नया जिला बनाया था। इसी तरह बस्ती और देवीपाटन मंडल के गठन का भी उन्होंने जिक्र किया।

Also Read: आखिर क्यों साइडलाइन हुए Akash Anand? 2027 से पहले Mayawati का सबसे बड़ा गेम, BSP का ब्राह्मण प्लान!

अखिलेश यादव के PDA पर भी किया हमला

विश्वनाथ पाल ने समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की राजनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनके नजरिए में पीडीए का अर्थ ‘धोखा’ है। पाल ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के नाम पर बनाए गए भीमनगर जिले का नाम बदलकर संभल कर दिया गया था। उन्होंने इसी मुद्दे को लेकर सपा की राजनीति पर निशाना साधा।

गठबंधन पर बोले- बसपा किसी के सहारे नहीं लड़ेगी चुनाव

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के साथ गठबंधन के सवाल पर बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कई राजनीतिक दल बसपा के साथ गठबंधन की इच्छा जता रहे हैं, लेकिन पार्टी किसी ‘बैसाखी’ के सहारे चुनाव मैदान में नहीं उतरेगी। उन्होंने कहा कि बसपा प्रमुख मायावती ने 2007 की तर्ज पर जनता के साथ गठबंधन की रणनीति के तहत आगामी चुनाव अकेले लड़ने का निर्णय लिया है।

Also Read: ‘बाबा साहेब की प्रतिमाओं को खंडित करने का काम सपा…’, अंबेडकर प्रतिमाओं को लेकर अखिलेश के दावे पर ब्रजेश पाठक का पलटवार

सुलतानपुर सीट से इम्तियाज अहमद भुट्टू को बनाया प्रत्याशी

विश्वनाथ पाल ने सुलतानपुर विधानसभा सीट से इम्तियाज अहमद भुट्टू को बसपा का प्रत्याशी घोषित किया। उन्होंने बताया कि लंभुआ और सदर विधानसभा सीट के लिए भी पार्टी अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। वहीं इसौली और कादीपुर सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा जल्द किए जाने की बात कही।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)