UP: बिजनौर जनपद के बढ़ापुर व साहूवाला वन रेंज क्षेत्र में हाथियों के झुंड द्वारा किसानों के खेतों में पहुंचकर फसलों को बर्बाद कर दिया है और वन टीम को जंगली हाथियों के फसलों को नुकसान पहुंचाने की लगातार सूचनाएं मिल रही हैं। किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बढ़ापुर वन रेंज क्षेत्राधिकारी रमेश यादव के नेतृत्व में वन कर्मियों की टीम लगातार हाथियों को खेतों से जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास कर रही है।
बताया जा रहा है कि इन दिनों हाथियों के झुंड के साथ उनके छोटे-छोटे बच्चे भी मौजूद हैं। ऐसे में हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर आबादी और जंगल से सटे किसानों के खेतों की ओर पहुंच रहा है। इससे किसानों की खड़ी फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। वन क्षेत्र से जुड़े लोगों के अनुसार हाथियों के छोटे बच्चों पर जंगली जानवरों, विशेषकर बाघों के हमले का खतरा बना रहता है। बच्चों की सुरक्षा के लिए हाथियों का झुंड पहाड़ी और जंगल वाले क्षेत्र से निकलकर जंगल से सटे खेतों में पहुंच जाता है। इस दौरान हाथी खेतों में खड़ी फसलों को रौंदकर नुकसान पहुंचाते हैं।
किसानों के खेतों में हाथियों के पहुंचने की सूचना पर बढ़ापुर वन रेंज की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है। क्षेत्राधिकारी रमेश यादव के नेतृत्व में वन कर्मियों द्वारा हाथियों को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस भेजने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं हाथियों की आवाजाही के चलते किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। किसानों का कहना है कि हाथियों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
















































