UP: पुरानी रंजिश में गाली-गलौज के बाद लात-घूंसों से हमला, सिर और भौंह में चोट

इटावा: कस्बे के कृष्णानगर स्थित लंगूर की मठिया मंदिर में सोमवार को आयोजित भंडारे के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते गाली-गलौज के बाद मामला मारपीट में बदल गया। इस दौरान भंडारे में श्रद्धालुओं को खाना परोस रहे एक युवक के साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके छोटे भाई, भाभी और करीब 13 वर्षीय भतीजी के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सोमवार देर शाम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया।

यादव नगर निवासी अतुल कुमार (42) ने थाना भरथना में दी तहरीर में आरोप लगाया कि वह कृष्णानगर स्थित लंगूर की मठिया मंदिर में आयोजित भंडारे में खाना परोस रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर विवेक यादव ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद दो नामजद और दो अज्ञात लोगों ने एकराय होकर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में अतुल के सिर और भौंह में चोटें आईं।

ALSO READ: Banda: UPI पर MDR को लेकर व्यापारियों में उबाल, PM के नाम DM को सौंपा ज्ञापन

पीड़ित के मुताबिक, बीच-बचाव करने पहुंचे उसके छोटे भाई पुनीत कुमार, भाभी गीता देवी और करीब 13 वर्षीय भतीजी वंशिका के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए।

अतुल ने थाना भरथना में तहरीर देकर नामजद समेत अज्ञात आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)