आगरा: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के आगरा में एक प्रेम संबंध का बेहद क्रूर और दिल दहला देने वाला अंत सामने आया है। प्रेमिका ने प्रेमी पर तेजाब फेंककर उसकी हत्या कर दी। चार साल पुराने इस मामले में आगरा की अदालत ने आरोपी प्रेमिका को आजीवन कारावास (उम्रकैद) की सजा सुनाई है। साथ ही कोर्ट ने 40 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। यह घटना 2021 में हुई थी, जिसमें प्रेमी की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
घटना का पूरा विवरण
मामला आगरा के हरिपर्वत थाना क्षेत्र के खंदारी इलाके का है। आरोपी सोनम पांडे (औरैया जिले की निवासी), जो एक निजी अस्पताल में नर्स थी, ने अपने प्रेमी देवेंद्र कुमार (कासगंज जिले का निवासी) पर 21 मार्च 2021 को तेजाब से हमला किया। दोनों लंबे समय से प्रेम संबंध में थे और किराए के मकान में साथ रहते थे। देवेंद्र की परिवार ने उनकी शादी दूसरी जगह तय कर दी थी, जिससे सोनम बेहद नाराज थी। बदले की भावना से उसने पंखा ठीक करने के बहाने देवेंद्र को अपने कमरे में बुलाया। वहां उसने चाय पिलाई, जिससे देवेंद्र बेहोश हो गया। फिर उसने उसके ऊपर तेजाब उड़ेल दिया। हमले में देवेंद्र के शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस गया। सोनम खुद भी आंशिक रूप से झुलसी थी।
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद देवेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने पुलिस को अपना बयान दर्ज कराया। उसने स्पष्ट रूप से कहा कि सोनम ने ही उसके ऊपर तेजाब फेंका। गंभीर जलने के कारण 80% से अधिक शरीर प्रभावित होने पर इलाज के दौरान देवेंद्र की मौत हो गई। पुलिस ने मौके से एसिड का डिब्बा बरामद किया और सोनम को गिरफ्तार कर लिया।
कोर्ट का फैसला
आगरा की एडीजे-2 कोर्ट (विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट शिव कुमार) ने बुधवार को सुनवाई के बाद सोनम पांडे को हत्या के आरोप में दोषी करार दिया। कोर्ट ने उसे सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई और 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। अदालत ने गवाहों, सबूतों और देवेंद्र के मरने से पहले दिए बयान को आधार बनाया।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)







































