UP: रायबरेली जिले के डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के पूरे रजऊ गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। आरोप है कि एक दंपती ने कथित तौर पर महिला के प्रेमी की हत्या कर शव को घर के अंदर ही गड्ढा खोदकर दफना दिया। दो दिन बाद कमरे से दुर्गंध आने पर मामला उजागर हुआ, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
चार साल से ससुराल में रह रहा था पति, इसी दौरान हुआ प्रेम संबंध
पुलिस के अनुसार, पूरे रजऊ गांव निवासी महिला की शादी करीब दस वर्ष पहले भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे कोर चंदामऊ गांव में हुई थी। पिछले चार वर्षों से उसका पति पत्नी के साथ उसके मायके में रह रहा था। इसी दौरान महिला का डलमऊ क्षेत्र के एक युवक से प्रेम संबंध स्थापित हो गया। बताया जा रहा है कि युवक का घर में आना-जाना था और वह लंबे समय से वहीं रह रहा था।
Also Read: अमेठी: नर्सिंग छात्रा की गुमशुदगी से मचा हड़कंप, आरोपी युवक की तलाश में जुटी अमेठी पुलिस
विवाद के बाद हत्या का आरोप, शव कमरे में दफनाया
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक 29 जुलाई की रात किसी बात को लेकर पति, पत्नी और युवक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान दंपती ने युवक की हत्या कर दी। घटना के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से घर के एक कमरे में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया गया और ऊपर से मिट्टी डाल दी गई, ताकि किसी को वारदात की भनक न लगे।
दुर्गंध बनी राज खुलने की वजह, ग्राम प्रधान को दी सूचना
घटना के दो दिन बाद कमरे से तेज दुर्गंध फैलने लगी, जिससे दंपती घबरा गया। पुलिस के अनुसार, महिला ने स्वयं ग्राम प्रधान के पास पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्राम प्रधान ने तत्काल डलमऊ कोतवाली पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
खुदाई में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने कमरे की खुदाई कराई तो वहां से युवक का शव बरामद हुआ। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में पति-पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































