उत्तर प्रदेश : रायबरेली-फतेहपुर के लोगों को बड़ी राहत, दो साल बाद गेंगासों गंगा पुल पर शुरू हुआ आवागमन

रायबरेली : रायबरेली और फतेहपुर जनपद की लाइफलाइन कहे जाने वाले गेंगासों गंगा पुल से आखिरकार दो साल का लंबा इंतजार खत्म हो गया है. पुल का मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद आज से इसे हल्के वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है. इससे दोनों जिलों के बीच सफर करने वाले राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बड़ी राहत की सांस ली है. जिला प्रशासन के मुताबिक, आगामी 10 से 15 जुलाई के बीच इस मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन भी पूरी तरह बहाल
कर दिया जाएगा.

शनिवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के साथ गेंगासो पुल का स्थलीय निरीक्षण किया. अफसरों ने पुल की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया. इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुल पर रात के समय सुरक्षित आवागमन के लिए तत्काल प्रभाव से बेहतर प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) सुनिश्चित की जाए, ताकि अंधेरे के कारण कोई दुर्घटना न होने पाए.

Also Read – उत्तर प्रदेश : बाराबंकी में भैंस चराने निकले दो बच्चों की नदी में डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

1970 के दशक का है पुल, दो साल से था बंद

गौरतलब है कि सरेनी थाना क्षेत्र में स्थित इस ऐतिहासिक पुल का निर्माण वर्ष 1970 के दशक में हुआ था. लंबे समय से जर्जर हो चुके इस पुल को मरम्मत कार्य के चलते पिछले दो वर्षों से बंद कर दिया गया था, जिससे लोगों को कई किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा था. अब इस पुल के दोबारा चालू होने से न सिर्फ रायबरेली और फतेहपुर के बीच की दूरी कम होगी, बल्कि स्थानीय व्यापार और दैनिक यात्रियों को भी बड़ी सहूलियत मिलेगी.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)