इटावा: 9 मुकदमों वाले आरोपी ने साथी संग की थी मोबाइल छिनैती, पुलिस ने दबोचा

इटावा: जीआईसी स्कूल के पास कोचिंग से घर लौट रही युवती से मोबाइल छीनने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए छिनैती के आरोपी शुभी राजपूत (24) निवासी ग्राम किल्ली सुल्तानपुर, थाना बसरेहर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

18 अगस्त को युवती से छीना था मोबाइल

पुलिस के मुताबिक, 18 अगस्त की शाम गांधी नगर निवासी युवती बलराम सिंह चौराहे से कोचिंग पढ़कर पैदल अपने घर जा रही थी। इसी दौरान जीआईसी स्कूल ग्राउंड के गेट के पास बाइक सवार युवकों ने पीछे से उसका मोबाइल छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर 19 अगस्त को सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

Also Read: Saharanpur: सहारनपुर घरों में चोरी करने वाले 4 शातिर चोर गिरफ्तार, पाजेब-मंगलसूत्र समेत सोने-चांदी के आभूषण बरामद

ठंडी पुलिया के पास पुलिस से हुई मुठभेड़

26 अगस्त को पुलिस टीम को सूचना मिली कि वारदात में शामिल एक आरोपी बाइक से लाइन सफारी की तरफ जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ठंडी पुलिया के पास घेराबंदी कर उसे रोकने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे मौके से दबोच लिया गया।

तमंचा, कारतूस और लूटा गया मोबाइल बरामद

गिरफ्तार आरोपी की तलाशी के दौरान पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, युवती से छीना गया एंड्राइड मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर युवती से मोबाइल छीनने की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब उसके साथी की तलाश में जुटी है।

Also Read: UP: आजमगढ़ में वारंटियों पर पुलिस का शिकंजा, दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

तीन जिलों में दर्ज हैं नौ मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक शुभी राजपूत के खिलाफ इटावा, मैनपुरी और फिरोजाबाद में चोरी, छिनैती और आर्म्स एक्ट समेत कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और उसके फरार साथी को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)