सिंगापुर दौरे पर सीएम योगी, होटल के बाहर भव्य स्वागत, डेटा सेंटर व कौशल विकास पर फोकस

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ सिंगापुर के दौरे पर हैं, जहां उनका होटल के बाहर भव्य स्वागत हुआ। उन्होंने पहले दिन कई वैश्विक निवेशकों और कॉरपोरेट प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकों का दौर चलाया। इन बैठकों में उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक सहयोग और दीर्घकालिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने राज्य को निवेश के लिए अनुकूल गंतव्य बताते हुए उद्योगों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

टेमासेक होल्डिंग्स के साथ रणनीतिक चर्चा

टेमासेक होल्डिंग्स के चेयरमैन Teo Chee Hean और उनकी टीम के साथ हुई बैठक में वैश्विक निवेश परिदृश्य और उत्तर प्रदेश में संभावित निवेश अवसरों पर मंथन किया गया। मुख्यमंत्री ने टेमासेक को राज्य में अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, हेल्थकेयर, वेयरहाउसिंग और फिनटेक आधारित शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया। इस वार्ता को राज्य में विदेशी पूंजी आकर्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Also Read: UP: अर्थव्यवस्था, निवेश, कानून-व्यवस्था और इन्फ्रास्ट्रक्चर के मोर्चे पर बदली प्रदेश की तस्वीर

स्वास्थ्य और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को बढ़ावा

टेमासेक की पोर्टफोलियो कंपनी Manipal Hospitals द्वारा गाजियाबाद में लगभग 500 करोड़ रुपये के निवेश की योजना साझा की गई। इसके अलावा Ascendas ने राज्य में लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग सुविधाओं के विकास के लिए करीब 500 करोड़ रुपये निवेश करने की जानकारी दी। इन परियोजनाओं से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और औद्योगिक ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

डेटा सेंटर और कौशल विकास पर फोकस

बैठक के दौरान डेटा सेंटर, स्किल डेवलपमेंट और उभरते तकनीकी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी। यह पहल उत्तर प्रदेश की भविष्य उन्मुख विकास रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है, जिसका उद्देश्य आधुनिक अवसंरचना तैयार करना और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन करना है। इससे राज्य को तकनीकी रूप से सक्षम और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।

Also Read: ‘हम सिर्फ संभावनाओं की बात नहीं करते, परिणाम भी देते है…’, गोरखपुर में बोले सीएम योगी

निवेशकों को भरोसा

मुख्यमंत्री ने निवेशकों को प्रदेश की सुदृढ़ कानून-व्यवस्था, विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी, तेजी से विकसित हो रहे एक्सप्रेसवे नेटवर्क, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर नीति और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण हब के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की सबसे तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और सरकार ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के तहत पारदर्शी व निवेशक-अनुकूल वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है। उल्लेखनीय है कि निवेश प्रोत्साहन अभियान के तहत केशव प्रसाद मौर्य भी इस समय यूरोप दौरे पर हैं।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.