फतेहपुर में राकेश टिकैत का जोरदार स्वागत, हजारों किसानों की जुटी भीड़

फतेहपुर। बुधवार को जनपद फतेहपुर में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के आगमन पर किसानों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। खागा तहसील क्षेत्र के कटोंघन टोल प्लाजा पर सुबह करीब 9 बजे से ही हजारों की संख्या में किसान और कार्यकर्ता अपने नेता के स्वागत के लिए डटे रहे। वहीं दूसरी ओर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।

कटोंघन टोल प्लाजा से काफिला बुदवन मार्ग होते हुए भादर रोड स्थित प्रेमनगर कस्बा पहुंचा, जहां पाल कृषक सेवा केंद्र पर किसानों से मुलाकात की गई। इसके बाद सुल्तानपुर घोष स्थित नित्या स्वीट्स हाउस में भाकियू के जिला उपाध्यक्ष विपिन सिंह के यहां संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान राकेश टिकैत हथगाम थाना क्षेत्र के अखरी गांव पहुंचे, जहां एक वर्ष पूर्व हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर कांड में मृत किसान नेता पप्पू सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि अभी तक पूर्ण न्याय नहीं मिला है, ऐसे में सरकार को दोबारा पत्र भेजकर न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

Also Read : UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी, अनुज अग्निहोत्री बने टॉपर, कुल 958 अभ्यर्थी चयनित

 

मीडिया से बातचीत में टिकैत ने कहा कि इस वर्ष बेमौसम बारिश से अधिकांश राज्यों में गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए।

उन्होंने वैश्विक हालात पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा तनाव चिंता का विषय है। भारत को शांति स्थापना के लिए अपनी विदेश नीति के तहत सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए और युद्ध रोकने के लिए पहल करनी चाहिए।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)