मथुरा में चलती ट्रेन में लगी आग, 4 कोच के ब्रेक जाम होने से उठा धुआं, सभी यात्री सुरक्षित

मथुरा। निजामुद्दीन से यशवंतपुर जंक्शन जा रही 12650 कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रेन के चार कोचों से अचानक धुआं उठने लगा। घटना मथुरा जंक्शन के पास वृंदावन रोड स्टेशन के नजदीक की है, जहां सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन को तुरंत रोक लिया गया।

बताया जा रहा है कि ब्रेक जाम होने की वजह से चार कोचों में आग जैसी स्थिति बन गई, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्री घबराकर अपना सामान लेकर कोच से बाहर निकलने लगे। हालांकि मौके पर मौजूद रेलवे स्टाफ ने स्थिति को संभालते हुए यात्रियों को शांत कराया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंचे और तुरंत आग बुझाने का कार्य शुरू किया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

तकनीकी कारणों से हुई घटना

रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति ने जानकारी देते हुए बताया कि गर्मी के मौसम में कभी-कभी तकनीकी कारणों, ब्रेक जाम होने या अधिक गर्म के कारण घटना हुई है। समय रहते ट्रेन को वृंदावन रोड स्टेशन पर रोक और करीब 30 मिनट के अंदर ट्रेन को सुरक्षित गंतव्य के लिए रवाना किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे द्वारा नियमित समय समय पर जांच की जाती है ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। आगे यह भी बताया कि इस घटना में किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ है और सभी यात्री सुरक्षित हैं। स्थिति सामान्य होने के बाद करीब 30 मिनट की देरी से ट्रेन को अपने गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)