2020 बैच के IAS अजय जैन ने संभाला गोरखपुर नगर आयुक्त का कार्यभार, शहर के विकास और स्वच्छता पर रखा फोकस

गोरखपुर। 2020 बैच के यूपी कैडर के IAS अधिकारी **अजय जैन** ने गोरखपुर नगर निगम के नगर आयुक्त पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालते ही उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की और विकास, स्वच्छता तथा बेहतर नगर प्रबंधन को अपनी प्राथमिकता बताया।

अजय जैन का शैक्षणिक और प्रशासनिक सफर

अजय जैन मूल रूप से राजस्थान के माधोपुर जनपद के शिवाड़ गांव के निवासी हैं। उन्होंने इलाहाबाद के मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT) से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में B.Tech की डिग्री प्राप्त की। वर्ष 2019 में उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 12 हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

नगर आयुक्त बनने से पहले वे लखनऊ में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के पद पर कार्यरत थे, जहां उन्होंने विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Also Read : नवागत DM गौरव सिंह सोगरवाल ने संभाला कार्यभार, योजनाओं की प्रभावी डिलीवरी और पारदर्शिता पर जोर

नए नगर आयुक्त का विजन

पदभार संभालने के बाद अजय जैन ने कहा कि गोरखपुर नगर निगम की सेवाओं को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी बनाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में सफाई व्यवस्था, जल निकासी, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जाएगा।

उन्होंने कहा, “शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों के समन्वय से कार्य किया जाएगा। आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।”

शहरवासियों में उम्मीद

नए नगर आयुक्त अजय जैन के कार्यभार संभालने से गोरखपुर शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों का मानना है कि उनकी इंजीनियरिंग बैकग्राउंड और प्रशासनिक अनुभव शहर की समस्याओं को हल करने में कारगर साबित होगा।

Also Read : IAS अभिनव गोपाल ने संभाला जीडीए उपाध्यक्ष का पदभार, ‘नया गोरखपुर’ योजना और अवैध निर्माण पर सख्ती का संकल्प

अजय जैन के कार्यकाल की शुरुआत में ही विकास और स्वच्छता पर दिए गए उनके सख्त संदेश से प्रशासनिक स्तर पर सक्रियता बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)