गोंडा : नगर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मनकापुर बस स्टॉप से करीब 200 मीटर आगे सीमेंट से लदा एक 16 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी मजार को तोड़ता हुआ पास की दुकान में जा घुसा। हादसे में ट्रेलर चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि दुकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर अयोध्या की ओर से आ रहा था। इसी दौरान चालक को अचानक झपकी आ गई और वाहन पर से उसका नियंत्रण हट गया। देखते ही देखते तेज रफ्तार ट्रेलर सड़क किनारे बनी मजार को तोड़ते हुए दुकान में घुस गया। गनीमत रही कि घटना के समय दुकान में कोई मौजूद नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मजार के क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि मजार सड़क के बिल्कुल किनारे लोक निर्माण विभाग के नियमों के विपरीत बनाई गई थी, जिससे आए दिन आवागमन में दिक्कत होती थी।
सूचना पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने मौके का जायजा लिया और यातायात को सुचारु कराया। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है और न ही किसी प्रकार की जनहानि हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद चालक ने मजदूरों की मदद से ट्रेलर में बिखरा सीमेंट दोबारा लदवाया। हादसे की चर्चा पूरे इलाके में होती रही।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )














































