UP: BSF जवान की दर्दनाक मौत, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

UP: चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के करजरा गांव में शुक्रवार को घर की सफाई के दौरान करंट लगने से बीएसएफ जवान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक जवान का शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

जानकारी के अनुसार, करजरा गांव निवासी आनंद कुमार शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे अपने घर की साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही धीना थाना प्रभारी दिलीप कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आज सुबह धानापुर थाना क्षेत्र के गुरैनी गंगा घाट पर बीएसएफ जवान आनंद कुमार का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

इस दौरान पुलिस प्रशासन, ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में जवान को नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। बताया गया कि आनंद कुमार तीन वर्ष पूर्व बीएसएफ में भर्ती हुए थे और वर्तमान में उनकी तैनाती छत्तीसगढ़ में थी। वह अपने तीन भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके बड़े भाइयों के नाम प्रिंस कुमार और अवनीश कुमार हैं। उनके पिता राम बचन यादव किसान हैं, जबकि माता का नाम बिंदु देवी है। आनंद कुमार अविवाहित थे।

ग्रामीणों के अनुसार, आनंद कुमार बेहद मिलनसार और सरल स्वभाव के युवक थे। बीएसएफ में चयन होने पर पूरे गांव में खुशी का माहौल था। उनके असमय निधन से गांव सहित क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)