UP: गोण्डा में बालपुर क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर चालक सईद खान (40) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सईद खान सोमवार रात किराने का सामान उतारकर अपने निजी ट्रैक्टर से वापस घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से ट्रैक्टर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। देर रात जब वह बालपुर चौकी के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनके ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया और सईद खान ट्रैक्टर के नीचे दब गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और काफी देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बालपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।
उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ट्रक चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
क्षेत्रीय लोगों ने सड़क पर लगातार बढ़ रहे हादसों पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि रात के समय भारी वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर यातायात नियंत्रण और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।












































