अमेठी: अमेठी में जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के आगमन पर श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक वातावरण देखने को मिला। उनके स्वागत के लिए समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता अधिवक्ता राजेश मिश्रा अपने अधिवक्ता साथियों के साथ पहुंचे और परंपरानुसार पुष्पमाला पहनाकर उनका अभिनंदन किया तथा चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर समाजवादी महिला सभा की जिला अध्यक्ष गुंजन सिंह तथा समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष राम उदित यादव भी मौजूद रहे। उपस्थित नेताओं ने कहा कि शंकराचार्य महाराज का अमेठी आगमन क्षेत्र के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य परंपरा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है।
Also Read: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने बच्चों का यौन शोषण किया ! जानें रिपोर्ट में क्या आया
कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, अधिवक्ता, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। शंकराचार्य महाराज के पहुंचते ही पूरा परिसर “हर हर महादेव” और “जय शंकराचार्य” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर दर्शन किए और आशीर्वाद लिया।
अपने संबोधन में जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज ने सनातन धर्म के मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से संस्कृति, शिक्षा और न्याय व्यवस्था को सशक्त बनाने में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि धर्म और न्याय एक-दूसरे के पूरक हैं और समाज में स्थायी शांति के लिए दोनों का संतुलन आवश्यक है। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। आयोजन धार्मिक सौहार्द और सामाजिक सहभागिता का प्रतीक बना।














































