UP: सहारनपुर में आज राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों ने वेतन न मिलने के विरोध में सीएमओ कार्यालय का घेराव किया। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान “वेतन नहीं तो काम नहीं” और “समान काम समान वेतन” जैसे नारे लगाए गए।
बड़ी संख्या में स्टाफ नर्स, स्वास्थ्यकर्मी और अन्य संविदा कर्मचारी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। कर्मचारी पिछले कई महीनों से वेतन न मिलने से नाराज थे। बताया कि पिछले तीन महीनों से किसी भी एनएचएम कर्मी को वेतन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने 18, 19 और 20 मई को काली पट्टी बांधकर विरोध जताया था, लेकिन अधिकारियों की ओर से कोई समाधान नहीं निकला।
अब चौथा महीना शुरू हो चुका है, जिससे कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। आगे कहा कि संविदा कर्मचारियों को पहले ही कम वेतन मिलता है, और महीनों तक भुगतान न होने से परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बच्चों की फीस रुकने और राशन के संकट जैसी समस्याओं का उल्लेख किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्थायी और संविदा कर्मचारियों के वेतन में भारी अंतर है, जबकि काम लगभग समान कराया जाता है। चेतावनी दी कि जब तक वेतन जारी नहीं होगा, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।














































