SSC ऑनलाइन परीक्षा में धांधली! ग्रेटर नोएडा में STF की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने SSC की ऑनलाइन परीक्षाओं में धांधली कराने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। STF ने थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित बालाजी डिजिटल जोन सेंटर पर छापेमारी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई 22 मई 2026 को की गई। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी प्रदीप चौहान के अलावा अरुण कुमार, संदीप भाटी, निशांत राघव, अमित राणा, शाकिर मलिक और विवेक कुमार शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 50 लाख रुपये नकद, 10 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, एक राउटर, कई प्रवेश पत्र और अभ्यर्थियों की सूची बरामद की है।

प्रॉक्सी सर्वर और स्क्रीन शेयरिंग से कराते थे नकल

STF की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी परीक्षा केंद्र के कंप्यूटर सिस्टम में प्रॉक्सी सर्वर इंस्टॉल कर कंपनी के असली सर्वर को बायपास करते थे। इसके बाद स्क्रीन शेयरिंग तकनीक के जरिए बाहर बैठे सॉल्वर अभ्यर्थियों की जगह प्रश्नपत्र हल करते थे। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से विभिन्न ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षाओं में इसी तरीके से धांधली करा रहा था।

Also Read: NEET परीक्षा की नई तारीख घोषित, 21 जून को होगा एग्जाम, जल्द आएगा एडमिट कार्ड

अभ्यर्थियों से वसूले जाते थे लाखों रुपये

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह प्रत्येक अभ्यर्थी से करीब 4 लाख रुपये वसूलता था। इस रकम का एक हिस्सा अभ्यर्थी उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को दिया जाता था, जबकि बाकी रकम गिरोह के सदस्यों और परीक्षा केंद्र संचालकों के बीच बांटी जाती थी।

कई परीक्षाओं में सेंधमारी की आशंका

STF अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इन्होंने किन-किन परीक्षाओं में धांधली की है। साथ ही उन अभ्यर्थियों की भी जांच की जा रही है जिन्होंने गैरकानूनी तरीके से परीक्षा पास करने की कोशिश की।इस मामले में थाना नॉलेज पार्क में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)