फर्रुखाबाद : फर्रुखाबाद जनपद के प्रसिद्ध पांचाल घाट पर भागवत कथा विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। गंगा नदी में स्नान करने उतरा 16 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक किशोर की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सुबह फिर से खोज अभियान शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव निसाई में हाल ही में सार्वजनिक रूप से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन हुआ था। कथा समापन के बाद श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से विसर्जन सामग्री लेकर पांचाल घाट पहुंचे थे। दुर्वासा ऋषि आश्रम के सामने गंगा में विसर्जन के बाद ग्रामीण स्नान कर रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी विक्रम पाल (16) पुत्र राजीव पाल अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज धारा में बह गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, किशोर को डूबता देख मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह देखते ही देखते नदी में लापता हो गया। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय गोताखोरों और पुलिस को दी गई। गोताखोरों ने घंटों नदी में तलाश की, मगर सफलता हाथ नहीं लगी।
Also Read : स्वयंसेवकों के साथ शाखा में शामिल हुए RSS प्रमुख मोहन भागवत, लखनऊ में तीन दिवसीय दौरे पर
हादसे के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन पूरी रात गंगा घाट पर ही डटे रहे और बेटे के मिलने की आस लगाए बैठे रहे। सोमवार सुबह प्रशासन की मौजूदगी में दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया।
परिजनों ने बताया कि विक्रम कक्षा 11 का छात्र था और पढ़ाई में काफी होनहार था। वह दो भाइयों में बड़ा था। उसके छोटे भाई का नाम कमल बाबू है। पिता राजीव पाल खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।











































