UP: मोहर्रम को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

UP: फतेहपुर में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार सुबह पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

जुलूस मार्गों और संवेदनशील स्थानों के निरीक्षण के निर्देश

बैठक के दौरान एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मोहर्रम जुलूसों और ताजिया मार्गों का समय रहते निरीक्षण किया जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

Also Read: ‘मुहर्रम में शक्ति प्रदर्शन स्वीकार्य नहीं…’, बोले CM योगी- सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर होगा बड़ा एक्शन

पीस कमेटी बैठकों पर दिया जोर

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं और ताजियादारों के साथ संवाद स्थापित कर आपसी समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। एसपी ने कहा कि सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की भावना को मजबूत रखते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने के निर्देश

बैठक में पुलिस बल को त्योहार के दौरान पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए हर स्तर पर तैयारियां पूरी रखी जाएं।

Also Read: ‘माफियाओं का सफाया करना ही मेरा प्रिय विषय…’, बोले सीएम योगी

जिले के सभी अधिकारी रहे मौजूद

इस समीक्षा बैठक में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी भी साझा की।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)