UP: अमेठी से कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे। गौरीगंज स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। सांसद ने कहा कि इस मामले की जांच किसी सिटिंग जज की अध्यक्षता में गठित समिति से कराई जानी चाहिए। उनका कहना था कि जांच का दायरा इतना व्यापक हो कि समिति किसी भी व्यक्ति से पूछताछ कर सके। तभी यह माना जाएगा कि सरकार निष्पक्ष तरीके से दोषियों तक पहुंचना चाहती है।
पेपर लीक मामलों पर सरकार को घेरा
प्रेस वार्ता में किशोरी लाल शर्मा ने विभिन्न भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक के मामलों को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित नीट परीक्षा में बड़े पैमाने पर प्रश्नपत्र लीक होने की खबरें सामने आईं, जिसके बाद बढ़ते जनदबाव के चलते केंद्र सरकार को परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने का फैसला लेना पड़ा।
भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी का लगाया आरोप
सांसद ने आरोप लगाया कि सिर्फ नीट ही नहीं, बल्कि सीबीएसई की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन से लेकर उत्तर प्रदेश की लेखपाल भर्ती, पुलिस सिपाही भर्ती, यूपी एसआई, आरओ-एआरओ, एसएससी जीडी और सहायक प्रोफेसर भर्ती जैसी कई प्रतियोगी परीक्षाएं भी अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से प्रभावित रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ हुआ है और कांग्रेस इन मुद्दों को लगातार उठाती रही है।
छात्रों की मौतों का किया जिक्र
किशोरी लाल शर्मा ने दावा किया कि नीट पेपर लीक के बाद उत्पन्न मानसिक तनाव के कारण देश के विभिन्न राज्यों में अब तक 12 छात्र-छात्राओं की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इन घटनाओं को सामान्य आत्महत्या नहीं, बल्कि सरकार की नीतियों से उपजे हालात का परिणाम मानती है। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राज्यों के उन छात्रों के नाम भी गिनाए, जिनकी मौत का उल्लेख कांग्रेस लगातार अपने अभियान में करती रही है।















































