UP: अमेठी जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत मुसाफिरखाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के एक वांछित और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर दबिश, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना मुसाफिरखाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए रामकुमार यादव (24) निवासी पूरे शिवगुलाम मजरे भनौली को गिरफ्तार किया, जो गैंगस्टर एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।
कई गंभीर मामलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ अमेठी और सुलतानपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, मारपीट, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। लगातार फरार रहने के कारण उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
गिरफ्तारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार सिंह, उपनिरीक्षक गोपाल मणि मिश्र, हेड कांस्टेबल नीरज यादव, कांस्टेबल मिथिलेश कुमार और किशन सिंह चौहान शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है।
अपराधियों पर जारी रहेगा ऑपरेशन चक्रव्यूह
अमेठी पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा ऑपरेशन चक्रव्यूह लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































