UP: उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र स्थित बेलहा (तेंदुहनी) गांव में रविवार देर शाम एक पारिवारिक विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। आरोप है कि 26 वर्षीय संगीता, पत्नी ननकू, का अपने जेठ छोटेलाल उर्फ कलट्टर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर संगीता के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया और पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
मां का शव, बगल में बैठे मासूम बच्चे
घटना के बाद का दृश्य बेहद मार्मिक था। मृतका का पांच वर्षीय बेटा लाडो और पांच माह की बेटी पारो अपनी मां से हमेशा के लिए बिछड़ गए। मां के शव के पास बैठे मासूम बच्चों को देखकर गांव के लोगों की आंखें नम हो गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
आरोपी का आपराधिक इतिहास आया सामने
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी छोटेलाल उर्फ कलट्टर पहले भी गंभीर अपराध में दोषी रह चुका है। वह अपनी पत्नी की दहेज हत्या के मामले में करीब 10 वर्ष की सजा काट चुका है और लगभग 15-16 माह पहले ही जेल से रिहा होकर गांव लौटा था। इस पृष्ठभूमि को भी पुलिस जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा मान रही है।
हत्या का मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी के प्रयास तेज
मृतका के भाई संदीप की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडे ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































