मथुरा: फर्जी आधार और सिम के जरिए साइबर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पांच नकली आधार कार्ड बरामद

मथुरा: गोवर्धन थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से पांच फर्जी आधार कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

रेल अंडरपास के पास हुई गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक 12 जुलाई को सूचना मिली थी कि कुछ लोग फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए गोवर्धन पुलिस ने गाठोली से देवसेरस जाने वाले रेल अंडरपास के पास घेराबंदी की। इस दौरान देवसेरस निवासी साजिम उर्फ गुल्लू और मडौरा निवासी साबिर को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से पांच फर्जी आधार कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।

Also Read: मदद के बहाने बदल देते थे कार्ड, रायबरेली पुलिस ने 107 ATM कार्ड के साथ दो शातिर ठगों को दबोचा

फर्जी पहचान बनाकर करते थे साइबर फ्रॉड

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपनी फोटो लगाकर नकली आधार कार्ड तैयार करते थे। इन फर्जी दस्तावेजों की मदद से सिम कार्ड हासिल किए जाते थे, जिससे उनकी असली पहचान छिपी रहती थी। इसके बाद वे लोगों को फोन कॉल, फर्जी लिंक और ओटीपी के जरिए झांसे में लेकर उनके खातों से रकम ठग लेते थे। ठगी से हासिल धनराशि अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर आर्थिक लाभ कमाया जाता था।

बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत दर्ज हुआ मुकदमा

बरामद साक्ष्यों के आधार पर गोवर्धन थाना पुलिस ने मुकदमा संख्या 344/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

lso Read: UP: वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर पुलिस की पैनी नजर, संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पांच महिलाएं हिरासत में

एक आरोपी का पहले भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी साबिर का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 में गोवर्धन थाने में लूट, धोखाधड़ी और आईटी एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हो चुके हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है, ताकि साइबर ठगी से जुड़े पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)