UP: मथुरा में पुलिस मुठभेड़, हत्या के मामले में वांछित दो बदमाश गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

UP: मथुरा पुलिस ने हत्या के एक मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार के निर्देशन में थाना नौहझील पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, पहचरा-सद्दीकपुर बंबा स्थित शल्ल और कोलाहर गांव की पुलिया के पास संदिग्ध बाइक सवारों की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। रुकने का इशारा करने पर आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया।

जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के बाएं पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद दोनों को मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतेन्द्र उर्फ सत्ते और मोती के रूप में हुई है, जिनके खिलाफ थाना नौहझील में हत्या का मुकदमा दर्ज है। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल, मथुरा भेजा गया।

Also Read: UP: रायबरेली में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, छह माह में 362 पर कड़ी कार्रवाई

हथियार, कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध .315 बोर तमंचे, चार जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, 2,600 रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। जांच में बाइक के इंजन और चेसिस नंबर घिसे हुए पाए गए, जिससे उसके संदिग्ध होने की आशंका जताई जा रही है।

एक आरोपी हिस्ट्रीशीटर, कई गंभीर मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार, सतेन्द्र उर्फ सत्ते थाना नौहझील का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और पुलिस मुठभेड़ सहित करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी मोती पर भी लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

Also Read: UP: गौ तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश, चार तस्कर गिरफ्तार, 16 मवेशी बरामद

आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विस्तृत आपराधिक इतिहास की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामान और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी अन्य आपराधिक घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)