UP: रायबरेली जिले में अपराध और कानून-व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस ने पिछले छह महीनों में शातिर अपराधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है. पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान कुल 362 अपराधियों पर विभिन्न कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की गई. पुलिस का कहना है कि इस अभियान से अपराधियों में भय का माहौल बना है और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिली है.
गुंडा एक्ट, गैंगस्टर और जिला बदर की कार्रवाई
अभियान के तहत 147 अपराधियों पर गुंडा एक्ट लगाया गया, जबकि 79 के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई. इसके अलावा 37 अपराधियों को जिला बदर किया गया और 56 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. पुलिस ने अन्य मामलों में भी कई आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए अपराधियों के नेटवर्क पर लगातार दबाव बनाए रखा.
थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में सक्रिय अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को तुरंत विफल किया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी और हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी.
जेल से रिहा अपराधियों की होगी नियमित निगरानी
पुलिस ने जेल से रिहा होने वाले अपराधियों पर नजर रखने के लिए नई व्यवस्था भी लागू की है. अब ऐसे लोगों को संबंधित थाने में समय-समय पर अपनी गतिविधियों की जानकारी देनी होगी. साथ ही बीट पुलिस, ग्राम प्रधानों और क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के सहयोग से उनकी गतिविधियों पर गोपनीय निगरानी रखी जाएगी, ताकि दोबारा अपराध की आशंका को रोका जा सके.
Also Read: UP: बरेली में 5 साल की मासूम को नमकीन का लालच देकर ले जाने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार
हिस्ट्रीशीटरों का रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
एसपी रवि कुमार ने बताया कि जिले के हिस्ट्रीशीटर अपराधियों का रिकॉर्ड भी दोबारा खंगाला जा रहा है और उनके खिलाफ विशेष अभियान जारी है. उनका कहना है कि अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी शातिर तत्व को कानून से बचने का अवसर नहीं दिया जाएगा. उन्होंने दोहराया कि आम नागरिकों की सुरक्षा और जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
















































