UP: जौनपुर नगर कोतवाली क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश को लेकर अधिवक्ता फरमान हैदर पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगा है। घटना के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अधिवक्ता फरमान हैदर ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि विपक्षियों से उनकी पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी आरोपी लाठी-डंडों से लैस होकर उन पर टूट पड़े और बेरहमी से मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
Also Read: लखनऊ: KGMU हॉस्टल मेस में नॉन-वेज पर बैन, राज्यपाल के दौरे के बाद बड़ा फैसला
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपी अधिवक्ता को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद घायल अधिवक्ता ने पुलिस से शिकायत की, जिस पर नगर कोतवाली पुलिस ने चार नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से विवेचना कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इस घटना के बाद अधिवक्ताओं में भी नाराजगी देखी जा रही है और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































